मुंबई पुलिस में 6.41 करोड़ का फर्जी वेतन घोटाला, 2 कर्मचारी सस्पेंड; क्राइम ब्रांच करेगी जांच
मुंबई पुलिस में 6.41 करोड़ रुपए के फर्जी वेतन घोटाले का खुलासा होने के बाद कार्रवाई तेज हो गई है. मामले में दो पुलिस कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, जबकि 5 के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई है
मुंबई पुलिस में करोड़ों रुपए के फर्जी वेतन घोटाले का मामला सामने आने के बाद कार्रवाई तेज हो गई है. इस मामले में दो पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन और जालसाजी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है. अब इस पूरे मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है.वेतन घोटाले के मामले में तत्कालीन हेड क्लर्क विजया चव्हाण और तत्कालीन जूनियर क्लर्क अमोल मेश्राम को सस्पेंड कर दिया गया है. दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. संयुक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जांच पूरी होने तक दोनों कर्मचारी निलंबित रहेंगे.
कैसे हुआ करोड़ों रुपए का घोटाला?
जांच में सामने आया है कि कुछ लोगों ने गैर-पुलिसकर्मियों को पुलिस कर्मचारी दिखाकर उनके नाम पर फर्जी वेतन जारी कराया. आरोप है कि फर्जी दस्तावेज, फर्जी वेतन पर्चियां और बैंक खातों का इस्तेमाल कर सरकारी धन का गबन किया गया. इस तरह सरकार को करीब 6 करोड़ 41 लाख 14 हजार 36 रुपए का नुकसान पहुंचाया गया.
5 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
इस मामले में तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारी रामकिशन गोस्वामी, नागेश तलवाडेकर, विजया चव्हाण, मुख्य क्लर्क अजय राठौड़ और जूनियर क्लर्क अमोल मेश्राम समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह घोटाला प्रशासनिक और वेतन विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से किया गया.
समता नगर पुलिस थाने में दर्ज FIR में आरोपियों पर BNS की धारा 409, 420, 406, 467, 465, 471, 201, 120(बी) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों पर सरकारी धन के गबन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जालसाजी और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
कब हुआ था यह घोटाला?
प्राथमिक जांच के अनुसार, यह घोटाला वर्ष 2019 और 2020 के दौरान हुआ. दिसंबर 2019 के अलावा जनवरी, फरवरी और जून से सितंबर 2020 के बीच जारी किए गए वेतन में अनियमितताओं के संकेत मिले हैं. जांच में इन महीनों के वेतन खातों और भुगतान रिकॉर्ड में कई संदिग्ध लेन-देन पाए गए हैं.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब समता नगर पुलिस से लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 को सौंप दी गई है. इससे पहले FIR समता नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी. अब क्राइम ब्रांच पूरे नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों, वेतन रिकॉर्ड और दस्तावेजों की विस्तृत जांच करेगी.
फर्जी प्रोफाइल और बैंक खातों का इस्तेमाल
जांच एजेंसियों के अनुसार, सरकारी धन निकालने के लिए फर्जी पुलिसकर्मियों की प्रोफाइल बनाई गईं. उनके नाम पर बैंक खाते खोलकर वेतन ट्रांसफर किया गया. आशंका है कि इस पूरे खेल को अंजाम देने में प्रशासनिक और मंत्रालयी कर्मचारियों की भी भूमिका रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घोटाले में और कौन-कौन लोग शामिल थे और कुल कितनी राशि का गबन हुआ.
मुंबई पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. यदि जांच में अन्य कर्मचारियों या अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्राइम ब्रांच इस फर्जी वेतन घोटाले से जुड़े सभी दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की जांच में जुटी हुई है.
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
Related Stories
जब स्कूल का हिसाब आज भी रजिस्टर में चलता है, तब डिजिटल होने का मतलब क्या है?
छोटे शहरों के स्कूलों में आज भी फीस का हिसाब-किताब कई जगह रजिस्टर, calculator और हाथ से बनी receipts के सहारे चलता है। VidhyaPe इसी ground reality से निकली एक कोशिश है—ऐसी technology बनाने की, जिसे वर्षों से register पर काम कर रहा accountant भी बिना झिझक अपना सके।
'हिंदू जागेंगे तो दुनिया जागेगी', कनाडा में बोले मोहन भागवत- सबकी मदद करना भारत का DNA
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत अमेरिका के बाद कनाडा दौरे पर पहुंचे हैं। कनाडा के टोरंटो में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कई बातें कही हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू के भरोसेमंद मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल का इस्तीफा, विदाई के पीछे की कहानी क्या? साये की तरह रहते थे साथ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एडीसी के रूप में चर्चित मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल ने भारतीय सेना से समय से पहले इस्तीफा दे दिया है। वह 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी रह चुके हैं। ऋषभ सिंह सांब्याल ने इस्तीफे का कारण भी बताया है।
हापुड़ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, चार नए केस मिले, मेरठ मेडिकल में 20 बेड का वार्ड तैयार
स्वाइन फ्लू की वजह से लखनऊ में एक मरीज की मौत हो चुकी है। हापुड़ के शख्स की भी नोएडा के अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा चार अन्य मरीज मिले हैं।
