लखनऊ LIVE

जहां से की पढ़ाई, उसी कॉलेज में शिक्षक बने CEC ज्ञानेश कुमार, लखनऊ में छात्रों के बीच पहुंचकर हुए भावुक

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रों से बातचीत की और अपने अनुभव शेयर किए।

Gaurav Dwivedi
August 24, 2026
3 min read
जहां से की पढ़ाई, उसी कॉलेज में शिक्षक बने CEC ज्ञानेश कुमार, लखनऊ में छात्रों के बीच पहुंचकर हुए भावुक

लखनऊ: देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिन के लखनऊ दौरे पर हैं। सोमवार को वह शहर के उस कॉलेज में पहुंचे, जहां कभी खुद स्टूडेंट थे। ज्ञानेश कुमार ने लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज से पढ़ाई की है। सोमवार को जब वह कॉलेज पहुंचे तो बीते दिनों की यादें ताजा हो गईं। फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार ज्ञानेश कुमार शिक्षक की भूमिका में नजर आए।

कॉलेज में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उन्हें लोकतंत्र, चुनाव, मताधिकार सहित जिम्मेदार नागरिक बनने का पाठ पढ़ाया। अपने छात्र जीवन की यादों को साझा करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि कॉलेज ने उन्हें केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, चुनौतियों से लड़ने का साहस और सही विचारों को आत्मसात करने की क्षमता भी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्कूल और कॉलेज का समय जीवन का ऐसा दौर होता है, जब अच्छे शिक्षक, माहौल और अनुभव व्यक्तित्व को गढ़ने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षकों ने उन्हें बहुत कुछ दिया और विद्यालय से मिली सीख आगे चलकर उनके जीवन में बेहद काम आई। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्हें अपने विद्यालय से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला, उसी तरह आज के विद्यार्थियों को भी अपने शिक्षकों और कॉलेज के माहौल से मिलने वाली सीख को ग्रहण करना चाहिए।

जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने छात्रों को लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मतदान महज एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के भविष्य के निर्माण में भागीदारी का महत्वपूर्ण जरिया है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के साथ-साथ उससे जुड़ी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया, मतदाता बनने की पात्रता, मतदान और निष्पक्ष चुनाव से जुड़े कई सवाल पूछे। ज्ञानेश कुमार ने उनके सवालों का जवाब देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवा पीढ़ी की सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यह समय खास है। इनमें से कई विद्यार्थी आने वाले समय में पहली बार मतदान करेंगे। ऐसे में उन्हें अभी से अपने अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझना चाहिए।

भावुक नजर आए ज्ञानेश कुमार

कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने पुराने दिनों को याद कर भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि लखनऊ से उनका बहुत पुराना और गहरा नाता है। यहीं से शुरुआती शिक्षा हासिल करने के बाद वह उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़े। लंबे समय बाद अपने विद्यालय लौटकर विद्यार्थियों के बीच आना उनके लिए विशेष अनुभव रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में अलग-अलग दौर आते हैं। आज वे जिस दौर से गुजर रहे हैं, वह उनके व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने वाला समय है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

Related Stories

लखनऊ में कैदियों को ले जा रही पुलिस वैन खराब, बारिश में इंतजार करते रहे 30 कैदी, रास्‍ते में लगा जाम

लखनऊ से सुल्‍तानपुर जाने वाले रास्‍ते पर रात में कैदी वैन खराब होने से यातायात बाधित हो गया। काफी देर के इंतजार के बाद कैदियों को दूसरी गाड़ी से भेजा गया।

लखनऊ यूनिवर्सिटी में 4 गुना तक बढ़ी हॉस्टल फीस, 7 की जगह 27 हजार चुकाने होंगे, छात्रों ने घेरा VC ऑफिस

लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन शुरू हो गया है. मंगलवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलपति ऑफिस का घेराव करते हुए हॉस्टल की बढ़ी हुई फीस को वापस लेने की मांग की है.

ट्रांसपोर्टर धीरेन्द्र प्रताप सिंह की हत्या: कब्जे का किया था खुलासा, उन्नाव जमीन विवाद में CM से की थी जांच की मांग

महाराणा प्रताप चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बांगरमऊ (उन्नाव) इलाके में भू-माफिया के कब्जे का खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी।

'मैं अभी जिंदा हूं', टीवी पर अपनी मौत की खबर देख हिंदू युवा वाहिनी नेता ने जारी किया वीडियो

लखनऊ में हिंदू युवा वाहिनी के नेता धीरेंद्र प्रताप की अपहरण और हत्या की खबर झूठी निकली। धीरेंद्र प्रताप ने खुद सामने आकर कहा कि वह जीवित और सकुशल हैं और मीडिया से खबरों की पुष्टि करने की अपील की।