लखनऊ के सिविल कोर्ट में इंस्पेक्टर से वकील ने की बदसलूकी, कचहरी में ना घुसने देने की दी धमकी
लखनऊ के सिविल कोर्ट में इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय अपने सहयोगियों के साथ गए थे। उन्होंने वकील केएम मिश्रा पर बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं।

लखनऊ: सिविल कोर्ट परिसर में सरकारी काम से पहुंचे एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ अधिवक्ता की ओर से सरेआम बदसलूकी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि कस्टम कोर्ट में रिमांड प्रक्रिया के सिलसिले में पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय के साथ अधिवक्ता केएम मिश्रा और उनके दो साथियों ने अभद्रता करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इंस्पेक्टर की तहरीर पर वजीरगंज थाना पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता और उनके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने व धमकी देने का केस दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि वे शनिवार को अपने हमराह सब-इंस्पेक्टर विवेक वर्मा और कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र तिवारी के साथ एक मामले में कस्टम कोर्ट से रिमांड लेने पहुंचे थे। इसी दौरान अधिवक्ता केएम मिश्रा अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और इंस्पेक्टर को घेर लिया। अधिवक्ता ने इंस्पेक्टर पर उनका मनमुताबिक मुकदमा न लिखने और काम न करने का आरोप लगाते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब इंस्पेक्टर ने नियमविरुद्ध और गलत काम करने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी अधिवक्ता आपा खो बैठे और आगबबूला होकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
कचहरी न आने देने की धमकी
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अधिवक्ता केएम मिश्रा ने इंस्पेक्टर को सरेआम 'ठीक करने' और भविष्य में कचहरी परिसर में कदम न रखने देने की खुली धमकी दी। आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य वादकारियों और वकीलों के सामने लगातार चिल्ला-चिल्लाकर पुलिस अधिकारियों का अपमान करते रहे और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। अचानक हुए इस विवाद के चलते कचहरी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
आरोपियों की धरपकड़ को दो टीमें गठित
वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित इंस्पेक्टर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिकारी को उसके राजकीय कर्तव्य का पालन करने से रोकने, स्वेच्छा से उपहति पहुंचाने, डराने और धमकाने की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ इस प्रकार की अराजकता और अभद्रता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिवक्ता और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
सम्बंधित ख़बरें
लखनऊ में नशे के कारोबार पर ANTF का एक्शन: 2 करोड़ की संदिग्ध मॉर्फिन बरामद, बाराबंकी के दो युवक गिरफ्तार
लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र के महिपतमऊ गांव में ANTF और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया।
लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ का कहर: 50000 घर आधे से ज्यादा डूबे, पानी कम होने के बाद भी मुश्किलें कम नहीं
गोमती नदी का जलस्तर 14 दिनों के बाद घटने के बाद भी लोगों की मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। फैजुल्लागंज इलाके में लोगों के सामने कई संकट हैं।
लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्राओं का फूटा गुस्सा, खाने में बिच्छू मिलने का आरोप लगाते हुए किया प्रदर्शन
लखनऊ यूनिवर्सिटी में खराब खाने को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूटा है। छात्राओं ने खाने में बिच्छू मिलने का आरोप लगाते हुए वीसी ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
लखनऊ में LDA कर्मी ने बीजेपी विधायक से ही मांग लिया 25 लाख का घूस, पुलिस ने अब हिरासत में लिया
लखनऊ में एलडीए कर्मी ने बीजेपी विधायक अनिल सिंह से 25 लाख की घूस मांग ली। इस मामले में एलडीए वीसी के निर्देश पर अब कर्मचारी राज किशोर दुबे को हिरासत में लिया गया है।
