खबर युग

'छात्रवृत्ति नहीं मिली तो ओपी राजभर नेता बने', सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को निशाना बनाया

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में अल्प आय वर्ग के 4.60 लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति की राशि और फीस माफी की राशि ट्रांसफर की।

Gaurav Dwivedi
October 3, 2026
4 min read
'छात्रवृत्ति नहीं मिली तो ओपी राजभर नेता बने', सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को निशाना बनाया

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में शनिवार को आयोजित छात्रवृत्ति वितरण के एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकारों को निशाना बनाया। उन्होंने राज्य के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर का नाम लेते हुए कहा कि यदि उन्हें समय पर छात्रवृत्ति मिलती रहती तो वे होनहार बनते, नेता नहीं बनते।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में आयोजित इस समारोह में अल्प आय वर्ग के 4.60 लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति की राशि और फीस माफी की राशि ट्रांसफर की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, सन 2017 से पहले कम छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाती थी। इसके अलावा छात्रवृत्ति समय पर भी नहीं मिलती थी। यदि ओमप्रकाश राजभर को समय पर छात्रवृत्ति मिल जाती तो वे भी आपकी तरह होनहार बनते, नेता नहीं बनते। सीएम योगी ने कहा कि, उस समय की सरकार ने छात्रवृत्ति नहीं दी इसलिए ( ओपी राजभर ) पढ़ नहीं पाए। उन्होंने ऑटो और टैक्सी भी चलाई। मेहनत और संघर्ष किया, जनता की आवाज बनकर लड़ते रहे, फिर मंत्री बन गए।

पिछले साल 69 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने पिछले साल 69 लाख विद्यार्थियों को 6200 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी है। बीते नौ सालों में चार करोड़ से अधिक छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई है। उन्होंने पूर्व मंत्री और बीजेपी के विधायक संजीव कुमार गोंड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि, गोंड भी सोनभद्र के जंगल में भटकते थे, फिर जनता की आवाज बन गए और आज मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि, असीम अरुण पढ़ाई करके आईपीएस बने। वे एडीजी थे, कानपुर के पुलिस कमिश्नर भी रहे थे। उन्होंने इस्तीफा देकर चुनाव लड़ा और आज मंत्री हैं। सीएम ने मंत्री दानिश आजाद और नरेंद्र कश्यप का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, यदि प्रयास ईमानदारी से किया जाएगा तो नतीजा भी आएगा।

सपा पर छात्रवृत्ति का पैसा खाने का आरोप

सीएम योगी ने सपा को निशाना बनाते हुए कहा कि, 2017 से पहले की सरकार एससी-एसटी छात्रों की स्कॉलरशिप डकार गई थी। आज जीरो बैलेंस पर खाता खुलता है। 2017 से पहले एससी-एसटी के छात्रों की छात्रवृत्ति ही नहीं भेजी गई। सरकार वह पैसा खा गई, छात्रवृत्ति ही डकार गए। उन्होंने कहा कि जब 2017 में मेरे संज्ञान में यह आया तो हमने दो साल की छात्रवृति एक साथ दी। सरकार की नीयत साफ हो तो छात्रों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने छात्रवृत्ति की तिथि भी तय की है। छात्र अप्रैल, मई, जून, जुलाई में एडमिशन लेता है। जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी होगी स्कॉलरशिप की राशि उसके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। संबंधित विभागों से कहा कि हर महीने छात्रों के खाते में पैसा जाता रहे, कोई बच्चा छूटना नहीं चाहिए।

अब 15 दिन में हो जाती हैं बोर्ड परीक्षाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले यूपी के बारे में गलत धारणा बन गई थी। अन्य राज्यों में यूपी वाला कहकर बाहर कर देते थे। स्कूलों में शिक्षक नहीं थे और शाला भवन जर्जर थे। हर साल सौ में से 20 बच्चे बीच में पढ़ाई छोड़कर चले जाते थे। उन्होंने कहा कि, अब हम अच्छी शिक्षा और अच्छा वातावरण दे रहे हैं। अब यूपी बोर्ड की परीक्षा तीन महीने नहीं चलती है, बल्कि 15 दिन में ही हो जाती है। एक महीने में परिणाम आ जाता है।

नौकरी के लिए बोली लगवाते थे शिवपाल

इस कार्यक्रम में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि विपक्षी पार्टी कहती है कि हमारी सरकार मुसलमानों के लिए कुछ नहीं करती है, लेकिन मैं बहुत सारे काम गिनवा सकता हूं। उन्होंने कहा कि 10 लाख से अधिक नौकरियां सीएम के निर्देश पर बिना पैसा, बिना किसी सिफारिश के मिली हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में अखिलेश सीएम थे और शिवपाल चाचा तो थे ही। नौकरी का विज्ञापन निकलता था तो चाचा बोली लगवाते थे। जो बोली देता था, उसे नौकरी मिलती थी।

राजभर ने कहा कि, हमारे मुसलमान बच्चों से कहूंगा कि खुदा उसकी मदद करता है जो खुद अपनी मदद के लिए तैयार होता है। यदि बिना पैसे के नौकरी चाहते हो तो मेहनत से पढ़ो। देश में नफरत की हवा सपा और कांग्रेस के लोग फैला रहे हैं। उससे हटकर योगी को तीसरी बार सीएम बनाना होगा। तभी आपका फैसला और भविष्य उज्ज्वल होगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

Comments (0)

0/2000 characters

Facebook टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें

टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।

सम्बंधित ख़बरें

UP में वीडियो बना रही श्रद्धा दुबे, पुलिस नेपाल में पीट रही लकीर; कभी भी कर सकती है सरेंडर

शिवा हत्याकांड में फरार श्रद्धा नेपाल से सटे यूपी के एक शहर में छिपी है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में नेपाल से लेकर इस शहर तक खाक छान रही हैं. इस बीच वह वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर बता रही है.

यूपी: महानवमी पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित, CM योगी ने किया ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महानवमी के अवसर पर राज्य में 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है. वहीं, 20 अक्टूबर को पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका है.

श्रद्धा के फ्लैट में अंडरवियर में क्यों था शिवा? दिल दहला देगा लीवर डैमेज का रहस्य

लखनऊ के शिवा मर्डर केस में श्रद्धा दुबे नेपाल से खुद को बेकसूर बता रही है, जबकि पुलिस सुसाइड मानने से इनकार कर रही है. मौके के सबूत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट हत्या की ओर इशारा करते हैं.

'हिम्मत है तो अखिलेश यादव के बिना रायबरेली जीतकर दिखाओ', राहुल गांधी को राजनाथ सिंह का चैलेंज

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वे समाजवादी पार्टी के बगैर अपनी रायबरेली की सीट भी जीतने का सामर्थ्य नहीं रखते हैं।