यूपी में IAS दिव्या मित्तल ने दिया त्यागपत्र, लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर बोलीं- 13 साल की यात्रा को दे रही विराम
यूपी सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात दिव्या मित्तल ने आईएएस से त्यागपत्र देने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि मिर्जापुर और देवरिया में डीएम रहते हुए उन्होंने बहुत कुछ सीखा।

लखनऊ: यूपी की 2013 बैच की अफसर दिव्या मित्तल ने रविवार को इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (आईएएस) से त्यागपत्र दे दिया। सोशल मीडिया पर लंबे-चौड़े पोस्ट के माध्यम से दिव्या मित्तल ने इस बात की जानकारी दी है। वह इस समय राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह देवरिया में डीएम पद संभाल रही थीं। वह मिर्जापुर की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं। अपने काम की वजह से जनता के मन में उन्होंने एक खास मुकाम बनाया था।
अपने X हैंडल पर दिव्या मित्तल ने लिखा है- आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है। साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी। पर 'सब कुछ' पा लेने पर भी कुछ अधूरा था। अपने देश में न होना खलता था। मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत सब इस मिट्टी का कर्ज़ था मुझ पर। वो कर्ज चुकाना था। चाहती थी जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों। सो लौट आई, और IAS अधिकारी बनने का सौभाग्य मिला।
मिर्जापुर ने सिखाया कि असंभव कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है'
आईएएस दिव्या मित्तल ने आगे लिखा है- बहुत कुछ करने का मौका मिला और बहुत सीखा। देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है। मिर्जापुर ने सिखाया कि 'असंभव' कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है। और मां विंध्यवासिनी के चरणों में बैठकर सीखा कि शक्ति किसी पद से नहीं, उनकी कृपा और लोगों के विश्वास से आती है। सबसे बड़ी सीख यह थी कि अपने लिए देखे सपने तो पूरे हो चुके थे, अब अपने लोगों के लिए देखे सपनों को जीना था। इस जीवन का असली सुकून उन आंखों में दिखा, जिस परिवार को पहली बार जमीन का हक़ मिला, जिस दिव्यांग को सम्मान से जीने का अवसर मिला, और जिस किसान के खेत को पानी मिला। उनके संघर्षों में साथ चलते हुए मैंने सीखा कि हर सरकारी फ़ाइल के पीछे एक व्यक्ति है, और उसकी गरिमा बनाये रखना ही न्याय है।
'देने की जगह मैंने सबसे ज्यादा पाया'
आईएएस ने लिखा है- मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आयी हूं। सच यह है कि सबसे ज्यादा मैंने ही पाया और वो कर्ज और भी बढ़ता गया। लोग मेरी ख़ुशी में मुझसे ज़्यादा ख़ुश हुए। उन्होंने मुझे तब भी उसी विश्वास से देखा, जब मैं खुद ही थकी या टूटी थी। और इसी ने आगे बढ़ते रहने की हिम्मत दी। इतना प्यार, इतना सम्मान, इतना अपनापन मिला, कि मेरी झोली पूरी भर गयी। और इसमें उन साथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी बहुत बड़ा श्रेय है जिन्होंने मेरे कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और साथ डटे रहे।
लहुरिया दह की बूढ़ी अम्मा को किया याद
अंत में दिव्या मित्तल ने लिखा है- आज आभार से आंखें नम हैं। बस एक दृश्य इनमें बसा है। लहुरिया दह की पहाड़ी की वो वृद्ध मां, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली, बस कांपते हाथों से मेरा सिर छूकर आशीर्वाद दे गई। पद तो आज छूट गया, पर वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा। और वह सपना भी नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया है।
75 साल बाद गांव में पहुंचाया था पानी
गौरतलब है कि दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर की डीएम रहते हुए हलिया ब्लाक के लहुरियादह गांव में आजादी के 75 साल बाद पहली बार पानी की व्यवस्था कराई थी। इस काम के लिए उनकी हर तरफ बहुत चर्चा हुई थी। दिव्या मित्तल सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव रहती हैं। हाल ही में उनकी पहली किताब भी बाजार में आई थी।
पति गगनदीप भी पूर्व आईएएस अफसर
दिव्या मित्तल के पति गगनदीप भी पूर्व आईएएस अफसर हैं। दोनों पढ़ाई पूरी करने के बाद लंदन नौकरी करने चले गए थे। वहां से लौटकर उन्होंने साथ में यूपीएससी की तैयारी शुरू की और सफल होकर दिखाया। दिव्या मित्तल अपने तेजतर्रार कार्यप्रणाली के लिए जानी जाती हैं।
Facebook टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए Facebook में लॉगिन करें
टिप्पणियां अक्षम हैं। व्यवस्थापक से संपर्क करें।
Related Stories
यूपी में रील्स और इंफ्लूएंसर्स के जरिए विपक्ष को जवाब देगी बीजेपी, 17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान'
यूपी चुनाव से पहले बीजेपी अब चुनावी नैरेटिव की लड़ाई को सोशल मीडिया के मोर्चे पर तेज करने जा रही है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी प्रदेश भर में 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करेगी।
यूपी प्रभारी बनने के बाद BJP नेता विनोद तावड़े का पहला दौरा, बूथ मैनेजमेंट और SIR है मुख्य एजेंडा
उत्तर प्रदेश के प्रभारी बनने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पहली बार 5 सितंबर को राज्य के दौरे पर आ रहे हैं। माना जाता है कि वे इस दौरे के साथ बीजेपी की चुनावी मशीनरी की बूथ स्तर तक गहन समीक्षा की शुरुआत करेंगे।
'पत्नी के लिए खड़े नहीं हो सकते, महिलाओं को 40 हजार देंगे', प्रियंका मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को उनके महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे को लेकर निशाना बनाया है।
तीन IAS अधिकारी, दस IPS और आठ PPS सहित यूपी में 21 अफसर हुए रिटायर, देखिए पूरी लिस्ट
यूपी में 21 अफसर 31 अगस्त को सेवानिवृत हो गये। इनमें तीन आईएएस और दस आईपीएस अफसरों के साथ आठ पीपीएस अधिकारी हैं।
